Showing posts with label मारे गये तीन दलित. Show all posts
Showing posts with label मारे गये तीन दलित. Show all posts

Friday, August 16, 2013

तिरंगा फहराने पर चली गोली, मारे गये तीन दलित

तिरंगा फहराने पर चली गोली, मारे गये तीन दलित

अजय कुमार | Aug 16, 2013, 09:51AM IST

 
 
पटना। स्वतंत्रता सेनानी कुंअर सिंह के सेनापति निशान सिंह के गांव सासाराम के बढ्ढी में आज तिरंगा फहराने के झगड़े में एक दलित को गोली मार हत्या कर दी गयी। हमले में 30 से ज्यादा दलित घायल हो गये। अंग्रेजों ने निशान सिंह को तोपों से उड़ा दिया था। आज दलित को मारा गया। विरोध में दलितों ने आरा-सासाराम जीटी रोड़ को जाम कर दिया। इस सिलसिले में एक डॉक्टर सहित सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
 
लोकसभाध्यक्ष मीरा कुमार के संसदीय क्षेत्र सासाराम मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर बढ्ढी गांव में यह घटना दोपहर की है। बताया जाता है कि गांव में ही रविदास अपने मंदिर में तिरंगा फहराने की तैयारी कर रहे थे। मंदिर परिसर के पास ही निशान सिंह का स्मारक है। मंदिर और स्मारक का रास्ता एक ही है। रविदास तिरंगा फहरा ही रहे थे कि राजपूत जाति के लोग वहां पहुंच गये। किसी बात को लेकर विवाद हुआ। फिर वह खून-खराबे में बदल गया।
 
बताया जाता है कि हरवे-हथियार से लैस राजपूत जाति के लोगों ने दलितों पर हमला कर दिया। इसमें 45 वर्षीय विलास राम की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि स्थानीय अस्पताल में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गयी। हादसे में कुल तीन लोगों के मारे जाने की खबर है। लेकिन पुलिस मुख्यालय ने एक ही आदमी की मौत की पुष्टि की है। इस हमले में घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन को सिर में चोट लगी है।
 
उधर, डीएम और एसपी गांव में ही कैंप कर रहे हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गये लोगों में पीएचसी में तैनात डॉक्टर लखन सिंह भी हैं। वह निशान सिंह के स्मारक स्थल पर तिरंगा फहराने के लिए बतौर अतिथि मौजूद थे। घटना से नाराज दलितों ने विलास राम का शव रखकर जीटी रोड को घंटों जाम कर दिया। वे हत्यारों को पकडऩे और मुआवजा आदि देने की मांग कर रहे थे। देर शाम करीब सात बजे जाम खत्म हो गया।
http://www.bhaskar.com/article/BIH-PAT-firing-in-bihar-during-flag-hosting-bihar-news-4348922-NOR.html